
ग्वालियर. DTH पर एक चैनल सब्सक्राइब कराने के चक्कर में युवक के 84 हजार रुपए गंवा देने का हैरान कर देने वाला मामला मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सामने आया है। यहां युवक की एक छोटी सी गलती उसे भारी पड़ गई। दरअसल युवक ने चैनल सब्सक्राइब करने के लिए इंटरनेट से डीटीएच कंपनी का कस्टमर कंपनी नंबर सर्च किया था और यहीं पर वो साइबर ठगों के शिकंजे में फंस गया और कुछ ही देर में उसे 84 हजार रुपए की चपत लग गई।
इंटरनेट से सर्च किया था कस्टमर केयर नंबर
घटना उपनगर मुरार इलाके की है जहां रहने वाले कुमार दुबे एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि 4 दिन पहले उन्होंने टाटा प्ले कंपनी का DTH खरीदा था। दो दिन तक वो डीटीएच पर चैनल सब्सक्राइब करने की कोशिश करते रहे लेकिन जब चैनल सब्सक्राइब नहीं हुआ तो उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से टाटा प्ले का कस्टमर केयर नंबर सर्च कर उस पर फोन किया लेकिन कई बार फोन लगाने के बाद भी फोन रिसीव नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कुछ देर पर उनके पास एक फोन आया जिसमें सामने वाले ने उन्हें बताया कि वो टाटा प्ले कंपनी के कस्टमर केयर से बात कर रहा है और परेशानी पूछी। उन्होंने समस्या बताई तो शातिर ठग ने उनसे कहा कि उनके टाटा प्ले पर रिचार्ज नहीं हुआ है और यहीं पर कुमार दुबे शातिर जालसाज के जाल में फंस गए।
84 हजार रुपए का पड़ा एक चैनल
फरियादी कुमार दुबे ने बताया कि रिचार्ज न होने की बात कहकर कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर बात कर रहे जालसाज ने उनसे एक नंबर बताते हुए उस पर 10 रुपए फोन-पे करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि उनने बताए हुए नंबर पर 10 रुपए भेजे तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। फिर शातिर ठग ने उनसे मोबाइल पर एनीडेस्क ऐप डाउनलोड करने को कहा और जैसे ही मोबाइल में उन्होंने ऐप डाउनलोड किया तो खाते से पैसे कटने शुरु हो गए और जब तक वो कुछ समझ पाते तब तक उनके खाते से 84 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। ठगी का शिकार होने के बाद वो तुरंत साइबर सेल पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
Published on:
10 Aug 2022, 6:12 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.