
मिर्ची बाबा ने खून से लिखा PM मोदी को पत्र, लिखा- 'भूखी गाय करे पुकार, भरण पोषण दो सरकार'
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गायों के भरण पोषण को लेकर मिर्ची बाबा ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन शुरु किया है। उन्होंने गोला का मंदिर से फूलबाग तक पैदल रैली निकालकर सरकार को जगाने का प्रयास किया है। फूलबाग पर धरना प्रदर्शन करते हुए मिर्ची बाबा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खून से चेतावनी भरा पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने गाय को राष्ट्रीय गौमाता घोषित करने की मांग की है। साथ ही, प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिसमें लिखा था कि, 'भूखी गाय करे पुकार, भरण पोषण दो सरकार।'
इस दौरान मिर्ची बाबा के साथ मौजूद अन्य लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबारी भी की। इतना ही नहीं मिर्ची बाबा ने चेतावनी भी दी कि, उनकी मांगों पर जल्द सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया, तो वो पैदल भोपाल और दिल्ली पहुंच जाएंगे और जब तक गौमाता को उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक ये आंदोलन जारी रहेंगे।
तख्तियों पर लिखा था ये स्लोगन
स्वामी वैराग्यानंद उर्फ मिर्ची बाबा ने गोला का मंदिर स्थित गौशाला से तमाम गाय भक्तों के साथ पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा में गौभक्त हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन तख्तिकों पर लिखा था कि, 'भूखी गाय करे पुकार, मेरे भरण पोषण के लिए 50 रुपए रोज दे शिवराज सरकार'। इसके साथ ही, उन्होंने मांग की कि, गौमाता को राष्ट्रीय गौमाता घोषित करें।
तहसीलदार को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम लिखा पत्र
शहर के गोलाका मंदिर से शुरु हुई पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए फूलबाग चौराहे पहुंची, जहां मिर्ची बाबा और अन्य गौभक्तों ने पहले अपना खून निकलवाया और उसके बाद खून से प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए पत्र लिख दिया। इस पत्र के जरिये मिर्ची बाबा ने दो सूत्रीय मांग की। पत्र के माध्यम से मांग की गई कि, गाय को राष्ट्रीय गौमाता घोषित करे और हर रोज गाय को भरण पोषण के लिए 50 रुपए दें। मिर्ची बाबा की ओर से खून से लिखा गया मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा गया।
पढ़ें ये खास खबर- जब दफन के 3 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, हैरान कर देगा कारण
मिर्ची बाबा की केंद्र और राज्य सरकार को चेतावनी
स्वामी वैराग्यानंद उर्फ मिर्ची बाबा ने आंदोलन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो प्रदेश की राजधानी भोपाल और देश की राजधानी दिल्ली तक गौभक्त पदयात्रा करेंगे। वहीं मिर्ची बाबा की पदयात्रा को लेकर बड़ी संख्या में जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मय बल के साथ मौजूद थे। बाबा ने यह भी कहा कि उनको कई संतों का समर्थन हैं। उन पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन वो किसी भी हमले से डरेंगे नहीं।
बेखौफ रेत माफिया, नदी के तेज बहाव के बीच रेत खनन, देखें वीडियो
Published on:
15 Sep 2021, 6:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.