शहर के रानी का नगला में मेले का शुभारंभ करते हुए विधायक सदर हरिशंकर माहौर ने कहा कि अस्पतालों में लम्बी-लम्बी लाइन लगी रहती थीं। जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मेले का आयोजन कर स्वास्थ्य शिविर लगवाया है। उससे लोगों को राहत मिलेगी। प्राथमिक स्वास्थ केंद्र चंदपा में आयोजित स्वास्थ मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने फीता काटकर किया। जिलाधिकारी ने कहा कि 31 मार्च 2020 तक प्रत्येक रविवार को जनपद में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि 25 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जबकि 02 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में ओपीडी, टीकाकरण, परिवार कल्याण परामर्श आदि सुविधाएं दी जा रहीं हैं। मेले का आयोजन सुबह दस बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक किया जाएगा। पर्वेक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने केंद्रों का निरिक्षण किया।