जयपुर। बीसलपुर बांध में पानी की आवक बहुत ही धीमी पड़ गई है। पिछले चौबीस घंटे की बात की जाए तो मात्र आठ सेंटीमीटर ही पानी की आवक हो पाई है। जो बहुत ही कम है। इधर बांध में आने वाली त्रिवेणी नदी का बहाव भी हर घंटे लगातार घट ही रहा है। नदी जहां गुरुवार को तीन मीटर के गेज के साथ बह रही थी, वहीं शुक्रवार सुबह नदी का बहाव गेज 2.90 मीटर पर ही रह गया है। त्रिवेणी नदी की रफ्तार कम होने से अब आने वाले दिनों में बांध में भी पानी कम आएगा। अब बस बांध के भरने की उम्मीद सितम्बर के पहले सप्ताह की बारिश पर टिकी हैं।