इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की हाल ही जारी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि प्रदूषण के कारण देश में सबसे अधिक जानें राजस्थान में जा रही हैं। भारत में ब्रोन्काइटिस, श्वांस के संक्रमण और अस्थमा से सबसे अधिक मौतें राजस्थान में हो रही है। आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में सबसे अधिक प्रति लाख 111 मौतें प्रति वर्ष ब्रोंकाइटिस यानी क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिसीज (सीओपीडी) से हो रही हैं। अस्थमा से भी पूरे देश में सबसे अधिक प्रति लाख 23 मौतें हो रही हैं। वहीं श्वांस के संक्रमण से होने वाली मौतों में भी राजस्थान देश में दूसरे नंबर पर है। श्वांस संक्रमण से राजस्थान में प्रति लाख 52 मौतें सालाना हो रही हैं। जबकि श्वांस संक्रमण से सबसे अधिक प्रति लाख 53 मौतें उत्तर प्रदेश में हो रही हैं।