
जयपुर।
आइपीएल-11 में लगातार तीसरी जीत की चाहत लेकर बुधवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ उतरी मेजबान राजस्थान रॉयल्स को मायूसी हाथ लगी। दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली कोलकाता टीम ने मेजबान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर उसे सत्र की लगातार तीसरी और एसएमएस स्टेडियम में आइपीएल की लगातार 10वीं जीत दर्ज करने से रोक दिया।
कोलकाता के कप्तान कार्तिक ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया जो उनके हक में रहा। राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 160 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 18.5 ओवर में 3 विकेट पर 163 रन बना जीत हासिल कर ली। कोलकाता को कप्तान कार्तिक ने बेन लॉफलिन की गेंद पर 6 लगा सात गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
आइपीएल-11 के सबसे महंगे खिलाड़ी बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट भी रॉयल्स को जीत नहीं दिला सके। रॉयल्स की चार मैचों में यह दूसरी हार है, जबकि कोलकाता की पांच मैचों में तीसरी जीत।
स्टोक्स व उनादकट फिर लॉप
आइपीएल के 11वें संस्करण में रॉयल्स ने इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पर 12.5 करोड़ रुपए और भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट पर 11.5 करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन दोनों ही अब तक खेले चार मैचों में लॉप रहे हैं। स्टोक्स ने कोलकाता के खिलाफ मैच में महज 14 रन बनाए और तीन ओवर में 25 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। वहीं उनादकट ने 3 ओवर में 34 रन लुटाए, उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली।
शुरुआत से ही हावी हुए नाइटराइडर्स
रॉयल्स के खिलाफ 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइटराइडर्स टीम ने शुरुआत से ही आक्रामकता अपनाई। तीसरी ही गेंद पर क्रिस लिन का विकेट गंवाने के बाद सुनील नरेन (35) व रोबिन उथप्पा (48) ने दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़ अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। उनके बाद नितिश राणा (नाबाद 35) व कप्तान कार्तिक (नाबाद 42) ने अंत तक टिकते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। रॉयल्स की ओर से के. गौतम ने 23 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
Published on:
19 Apr 2018 07:53 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
