राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपए के 10640 एमओयू से जुडे़ निवेश को धरातल पर उतारने का शुरुआती खाका तैयार हो चुका है। निवेशकों से संपर्क करने से लेकर भूमि आवंटन, भू-उपयोग परिवर्तन करने तक की प्रक्रिया 90 दिन में पूरी होगी। सभी कलक्टरों की जिमेदारी तय कर दी गई है। इन्हें जनवरी से मार्च तक का होमवर्क सौंप दिया है। ज्यादातर निवेशकों, उद्यमियों ने जमीन की जरूरत जताई है। काम की समीक्षा जनवरी के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री करेंगे। इसके बाद हर 15 दिन में समीक्षा होगी। मुख्यमंत्री अगले वर्ष 11 दिसबर को एमओयू का हिसाब देने की बात पहले ही कह चुके हैं।