भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में तो विधायक दल की बैठक तय कर दी है। राजस्थान में बैठक अभी तक तय नहीं हो पा रही है। आलाकमान ने तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक राजस्थान के लिए तय किए हैं, पर सबसे वरिष्ठ पर्यवेक्षक केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कार्यक्रम तय नहीं हो पा रहा है। पहले संभावना थी कि विधायक दल की बैठक रविवार को हो सकती है, पर अब यह बैठक या तो सोमवार को होगी या फिर मंगलवार को। बैठक के बाद उम्मीद है कि सोमवार को राजस्थान सीएम के नाम की घोषणा की जाए। भाजपा विधायक जयपुर से लेकर दिल्ली तक डेरा डाले बैठे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी दिल्ली से जयपुर पहुंच चुकी है। सूत्रों के अनुसार उनकी एक दिन पहले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ भी मुलाकात हुई है।