
Ai Generated Image
राजस्थान में सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जयपुर के चित्रकूट स्टेडियम में परीक्षा चल रही थी जहां एक युवती फर्जी पहचान पत्र के सहारे परीक्षा देने पहुंची। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान पहचान पत्र और रिकॉर्ड डेटा मेल नहीं खाने पर मामले का खुलासा हुआ।शुरुआती जांच में पता चला कि युवती ने एक युवक के रोल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान पत्र तैयार करवाया था। फिलहाल चित्रकूट थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
परीक्षा केंद्र पर दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को युवती के परिचय पत्र पर संदेह हुआ। जब उसकी जानकारी का रिकॉर्ड से मिलान किया गया तो पता चला कि पहचान पत्र फर्जी है। परीक्षा बोर्ड चेयरमैन और स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश द्वारा की गई जांच में सामने आया कि जिस रोल नंबर का इस्तेमाल किया गया था, वह किसी युवक का है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अधिकारियों ने मौके पर ही दस्तावेजों की दोबारा जांच की, जिसमें पूरा मामला साफ हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस युवक के रोल नंबर से फर्जी परिचय पत्र बनाया गया, वह अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा 5 अगस्त को उदयपुर में पहले ही दे चुका है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस युवती से यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवती तक अभ्यर्थी से संबंधित जानकारी कैसे पहुंची और फर्जी पहचान पत्र किसने तैयार किया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार युवती फर्जी पहचान पत्र लेकर अपने चाचा के साथ परीक्षा देने चित्रकूट स्टेडियम पहुंची थी। इसके बाद पुलिस अब दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें कौन-कौन शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
07 Aug 2026 03:38 pm
Published on:
07 Aug 2026 03:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
