
Photo AI
RIICO: जयपुर। राजस्थान में नए उद्योग और कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे निवेशकों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य में औद्योगिक निवेश और रोजगार को गति देने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 500 से अधिक भूखंड ई-नीलामी के लिए उपलब्ध कराए हैं। खास बात यह है कि इन भूखंडों में केवल उद्योगों के लिए जमीन ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों, लॉजिस्टिक्स, आवासीय परियोजनाओं, अस्पताल, स्कूल, पेट्रोल पंप और अन्य सुविधाओं के लिए भी भूखंड शामिल हैं।
ई-नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक निवेशकों से ऑनलाइन आवेदन और धरोहर राशि (ईएमडी) जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। संबंधित ई-नीलामियों के लिए ईएमडी जमा कराने की अंतिम तिथियां 13 और 14 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई हैं। ऐसे में निवेशकों के पास निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर औद्योगिक एवं व्यावसायिक भूखंड हासिल करने का अवसर है।
रीको की इस पहल में औद्योगिक भूखंडों के साथ व्यावसायिक, लॉजिस्टिक्स, आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, अस्पताल, नर्सिंग होम, कियोस्क, स्कूल, दुकान और पेट्रोल पंप जैसी अलग-अलग श्रेणियों के भूखंड शामिल किए गए हैं। इससे बड़े उद्योगों के साथ छोटे उद्यमियों, सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों और निवेशकों को भी अपनी जरूरत के अनुसार जमीन उपलब्ध हो सकेगी।
रीको ने निवेशकों को एक और विकल्प दिया है। प्लग एंड प्ले, स्पोर्ट्स फैसिलिटी और वर्किंग हाउसिंग फैसिलिटी विकसित करने के लिए प्रदेश के 12 प्रमुख शहरों में 28 भूखंड किराये के आधार पर आवंटित किए जाएंगे। इनमें जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भिवाड़ी-द्वितीय, भरतपुर, कोटा, किशनगढ़, सवाई माधोपुर, उदयपुर, झालावाड़, नागौर और श्रीगंगानगर शामिल हैं।
जयपुर के सीतापुरा स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में भी उद्यमियों के लिए खास अवसर तैयार किया गया है। यहां गारमेंट एवं अपैरल, जेम्स एंड ज्वैलरी तथा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के लिए प्लग एंड प्ले मॉड्यूल्स ई-नीलामी के माध्यम से लाइसेंस शुल्क पर आवंटित किए जा रहे हैं। इन मॉड्यूल्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उद्यमियों को तैयार और आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर मिल सकेगा, जिससे नया कारोबार शुरू करने में लगने वाला समय और प्रारंभिक ढांचा तैयार करने का खर्च कम हो सकता है।
रीको की इस पूरी प्रक्रिया को राजस्थान में औद्योगिक निवेश बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भूखंडों की उपलब्धता के साथ प्लग एंड प्ले सुविधाएं छोटे और मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप, सेवा क्षेत्र तथा नए निवेशकों के लिए प्रवेश आसान कर सकती हैं। इसका सीधा असर नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार के अवसरों पर पड़ने की उम्मीद है। रीको का लक्ष्य बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराकर राजस्थान को औद्योगिक और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत करना है।
Updated on:
05 Oct 2026 10:51 am
Published on:
05 Oct 2026 10:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
