
Sirohi-Revdar News
Sirohi-Revdar News: सिरोही जिले के रेवदर उपखण्ड क्षेत्र के एक गांव में पड़ौसी युवक की ओर से करीब साढे चार वर्ष की मासूम बालिका के साथ दरिंदगी करने का मामला सामने आया है। पड़ौस में रहने वाला आरोपी घर के बाहर खेल रही मासूम बालिका को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ बलात्कार किया। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
मासूम के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां दौड़कर पहुंची और मकान का दरवाजा खुलवाया तो आरोपी मासूम बालिका को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस पर परिजन मासूम को अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद बुधवार शाम को पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दी।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में परिजनों ने बताया कि मंगलवार को मासूम बालिका का पिता बाहर मजदूरी करने गया हुआ था और मां दोपहर अपने बेटे को नहला रही थी। उनकी साढे साल की बेटी घर के बाहर आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पड़ौस में रहने वाला आरोपी युवक आया और मासूम को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया और मकान का दरवाजा बंद कर उसके साथ बलात्कार किया। बालिका के जोर से चिल्लाने की आवाज सुन कर मां दौड़कर पड़ौसी के घर गई तो मकान का दरवाजा बंद था।
उसने शोर मचाकर दरवाजा खुलवाया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बालिका रोती हुई बाहर आई तो मां के पूछने पर उसने दर्द होने की बात कही। इस पर मां उसे तत्काल अस्पताल लेकर गई और उपचार कराया। घटना के दूसरे दिन बुधवार को पिता के घर पहुंचने पर आपबीती बताई और परिजन बालिका को उपचार के लिए सिरोही लेकर गए। इसके बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
इनका कहना है
मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे है। बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाया जा रहा है और बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी जाएगी।
ममता गुप्ता, पुलिस अधीक्षक, सिरोही
Published on:
2 Jun 2023, 4:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.