
मोहनगढ़ पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठे परिजन व ग्रामीण (Photo-Patrika)
जैसलमेर. पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह के निधन के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोहनगढ़ में परिजन और ग्रामीणों का विरोध जारी है। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग मोहनगढ़ थाने के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। अनिरुद्ध सिंह का शव फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखा हुआ है। धरने के समर्थन में आधे दिन के लिए कस्बे का बाजार बंद है । कस्बे की पूरी तरह से दुकानें बंद हैं।
मंगलवार रात से ही परिजन और ग्रामीण मोर्चरी के बाहर जुटे हुए थे। रातभर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। बुधवार सुबह धरना मोर्चरी से हटाकर मोहनगढ़ थाने के सामने शुरू किया गया। परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी। धरने को देखते हुए पुलिस ने थाने के आसपास अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नाचना थाना और पीटीएम थाना पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मोहनगढ़ पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने धरने पर बैठे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। नामजद आरोपियों की तलाश के टीमें लिए पुलिस ने अलग-अलग गठित की है। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। परिजनों के अनुसार नामजद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, अनिरुद्ध सिंह पिछले कई साल से ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान थे। घटना से पहले उन्होंने अपनी गाड़ी में एक वीडियो भी बनाया था। इस वीडियो में उन्होंने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। परिजन इसी वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अनिरुद्ध सिंह आबूरोड सदर थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। उनके निधन की सूचना के बाद से ही परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। फिलहाल थाने के बाहर धरना जारी है और पुलिस-प्रशासन की ओर से जांच के साथ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है। हालांकि परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर कायम हैं।
Updated on:
08 Oct 2026 12:13 pm
Published on:
08 Oct 2026 12:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
