
ताबड़तोड़ छापों में पकड़ी अवैध शराब, कभी भी हो सकता है कानपुर जैसा कांड
झांसी. कानपुर में जहरीली शराब से कई मौतें होने के बाद झांसी भी इसी तरह के कांड के मुहाने पर खड़ा नजर आने लगा है। यहां आबकारी विभाग द्वारा मारे गए ताबड़तोड़ छापों में कई स्थानों पर अवैध शराब पकड़ी गई। पिछले दिनों भी पुलिस ने एक छापे में अवैध शराब बनाने की पूरी की पूरी फैक्टरी पकड़ी थी। हाल ही में फिर से पकड़ी गई अवैध शराब से इस बात का अंदेशा नजर आने लगा है कि कहीं झांसी में भी कानपुर जैसा जहरीली शराब का कांड न हो जाए।
यहां हुई कार्रवाई
जिले के आबकारी विभाग के अफसरों ने रक्सा और मऊरानीपुर में छापे मारे। यहां बीयर की दो ऐसी दुकानें पकड़ी गयीं, जिन पर बीयर की आड़ में अवैध देशी शराब की भी बिक्री की जा रही थी। इस कार्रवाई में दो व्यक्तियों को बंदी बना कर अनुज्ञापियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम संदीप कुमार त्रिपाठी द्वारा रक्सा बीयर दुकान पर छापा मारा गया। इस कार्रवाई में बीयर की दुकान पर अनधिकृत रूप से बिक रही देशी शराब को बरामद किया गया। इस टीम ने मौके पर मौजूद विक्रेता अनिल राय पुत्र जगदीश राय निवासी बनेरा बलदेवगढ़ जिला टीकमगढ़ को बंदी बना कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी प्रकार मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र तीन रोशन लाल द्वारा उच्चाधिकारियों के निर्देशन में मऊरानीपुर की बीयर की दुकान पर आकस्मिक छापा मारा। इस कार्रवाई में बीयर की दुकान से देशी शराब की बिक्री होते पकड़ी गई। इस दौरान दुकान पर मौजूद विक्रेता अरविन्द कुमार राय पुत्र अयोध्या प्रसाद राय निवासी कुरैचा नाका मऊरानीपुर को बंदी बना लिया गया। उसके अनुज्ञापी सुनीता राय के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा कायम कराया गया।
बाइक पर अवैध शराब ले जाते पकड़े
उधर, उप आबकारी आयुक्त झांसी प्रभार एसके राय के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी गंगाराम के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम संदीप कुमार त्रिपाठी द्वारा अधीनस्थ स्टाफ के साथ नारायण बाग मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अवैध कच्ची देशी मदिरा का परिवहन करते पकड़े गए। उनके पास से लगभग 50 लीटर अवैध कच्ची शराब मिली। पकड़े गए व्यक्तियों के नाम भूरा पुत्र रघुवीर व रूपेन्द्र पुत्र गिन्नी कबूतरा निवासी डेरा टांकोरी बताये गए। ये दोनों ही युवक अवैध शराब के अड्डों पर शराब पहुंचाने जा रहे थे।
Published on:
19 May 2018 03:37 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
