
कानपुर देहात। रूरा-शिवली मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गहलौ गांव के पास रिंद नदी के नजदीक स्थित मोड़ पर हुआ, जहां बाइक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घायल युवक का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शिवली थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव निवासी अनुराग उर्फ कल्लू (32) अपने साथियों रूपेंद्र (30) और सुमित (26) के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रूरा थाना क्षेत्र के तिगाई स्थित गेस्टहाउस में उनके दोस्त की बहन की शादी थी। शादी समारोह के समापन के बाद सभी घर जा रहे थे।
गहलौ के पास रिंद नदी के किनारे स्थित तेज मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रूपेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अनुराग को आनन-फानन में कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीसरा युवक सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।वही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवली थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
15 Mar 2026 03:32 pm
Published on:
15 Mar 2026 03:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
