
भाजपा विधायक संजय पाठक (Souce-Sanjay Pathak Facebook Page)
MLA Sanjay Pathak : कटनी जिले के विजयराघवगढ़ के विधायक संजय पाठक से जुड़ी कंपनी को करोड़ों का चूना लगाने में किसी "बड़े" का हाथ है। जांच में जुटी में पुलिस टीम ने यह आशंका जताई है। जिस शातिराना तरीके से ठगी की गई है उससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी चकरा गए हैं। जांच अधिकारियों को मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। विधायक संजय पाठक से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी के मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने दो और आरोपियों को मुंबई से अरेस्ट किया है। दोनों आरोपी उस स्काई लाइम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर बताए जा रहे हैं, जिसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस को आशंका है कि कंपनी के गठन और खाते के इस्तेमाल के पीछे ठगी का कोई बड़ा सरगना हो सकता है। उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय के अनुसार पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रिजवान मलिक पिता महबूब अली (26), निवासी पालघर, महाराष्ट्र और मो. अब्दुल उर्फ साहिल (36), निवासी नाला सुप्पारा, पालघर, महाराष्ट्र को मुंबई क्षेत्र से अरेस्ट किया है। दोनों को कटनी लाकर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि विधायक संजय पाठक से ठगी गई रकम में से करीब 1.16 करोड़ रुपए स्काई लाइम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसी बैंक खाते और कंपनी से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल करते हुए पुलिस मुंबई तक पहुंची। कंपनी के दोनों डायरेक्टरों की अरेस्टिंग के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाते में रकम आने के बाद उसे कहां-कहां ट्रांसफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ़्तार हो चुकी है। इनमें से पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल फोन और आपसी संपर्कों की जांच कर ठगी की रकम के पूरे लेन-देन की कडयि़ां जोडऩे में जुटी है। दो नए आरोपियों की गिरफ़्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि कंपनी के जरिए रकम को खपाने और ठगी की साजिश में शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस ठगी का मास्टरमाइंड बहुत शातिर है। मामले में किसी बड़े बदमाश के शामिल होने की आशंका है।
Updated on:
24 Aug 2026 06:54 am
Published on:
24 Aug 2026 06:54 am
