
नेशनल हाईवे-40 पर दर्दनाक सड़क हादसा (Photo Source- Input)
Tragic Accident :मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बड़वारा थाना इलाके के अंतर्गत गुजरने वाले नेशनल हाईवे - 40 पर रविवार एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पांच साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम मझगवां टोल नाका के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक आपस में दोस्त थे और बांधवगढ़ घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान ग्राम मझगवां के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख - पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय आंशिक सुहाने पिता अनिल सुहाने निवासी पन्ना मोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार में सवार पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के घायलों में 19 वर्षीय वेद सोनी पिता रमाकांत सोनी, निवासी आजाद चौक, 20 वर्षीय कृष्णा शर्मा पिता अखिलेश शर्मा निवासी सूर्या होटल के पास बस स्टैंड, 20 वर्षीय संभव सोनी पिता अमित सोनी निवासी पुरानी बस्ती, 20 वर्षीय रत्नेश धुरिया पिता आनंद प्रकाश धुरिया निवासी पुरानी बस्ती, 22 वर्षीय प्रथम और आदित्य लारिया पिता नीरज लारिया निवासी पुरानी बस्ती शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल में परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। घायल युवकों में से एक को जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि चार अन्य युवाओं का उपचार निजी अस्पतालों में जारी है।
Updated on:
04 May 2026 06:56 am
Published on:
04 May 2026 06:56 am
