कोटा. बसंत पंचमी के अबूझ सावे पर शहर में मांगलिक आयोजनों की धूम रही। जगह-जगह पांडाल, सामुदायिक भवन सजे नजर आए। देर तक शहर में मांगलिक आयोजनों की रौनक दिखी। पंचमी के अबूझ सावे पर कलाल महिला क्लब की ओर से विनोबा भावे नगर स्थित रामचरण धर्मशाला परिसर में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न समाजों की 9 बेटियों के हाथों में मेहंदी रची। क्लब की ओर से मिथलेश पारेता ने बताया कि विवाह नि:शुल्क किए गए। बेटियों को सोने का मंगलसूत्र, बिछिया, पायजेब, पंखा व गृहस्थी के जरूरी सामान दिए। दोपहर में बैण्ड-बाजों के साथ दूल्हों की निकासी निकाली गई। यह क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। कई जगहों पर लोगों ने स्वागत किया। मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा थे। कमलेश मेवाड़ा, ममता पारेता, शिखा पारेता व मंडल की अन्य महिलाओं के अलावा समाज के अन्य घटकों का भी कार्यक्रम में सहयोग रहा।