25 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जलने पर टूथपेस्ट, बर्फ, तेल या मक्खन लगाना चाहिए या नहीं? NHS और Mayo Clinic से जानें 

Burn First Aid: जलने पर टूथपेस्ट, बर्फ, तेल या मक्खन लगाना सही है या नहीं और ऐसी स्थिति में तुरंत क्या करना चाहिए, जानें Healthline, NHS और Mayo Clinic के अनुसार।
2 min read
Google source verification
Burn First Aid, Toothpaste On Burns

Toothpaste On Burns (Representative Image) Image Credit Magnific

Toothpaste On Burns: घर में खाना बनाते समय गर्म तेल या पानी जैसी किसी भी गर्म चीज से हाथ जल जाने के बाद कई लोग तुरंत जलन कम करने के लिए जली हुई जगह पर टूथपेस्ट लगा देते हैं। लेकिन क्या यह तरीका सही है? जलने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए और किन चीजों को लगाने से बचना चाहिए, आइए जानते हैं।

जलने पर टूथपेस्ट नहीं लगाना चाहिए

हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, जलने पर टूथपेस्ट लगाना सही घरेलू उपाय नहीं माना जाता। टूथपेस्ट में मौजूद कुछ चीजें जली हुई त्वचा को परेशान कर सकती हैं और इससे जलन बढ़ सकती है। इसलिए जलने के तुरंत बाद टूथपेस्ट लगाने से बचना चाहिए।

ठंडे पानी का करें इस्तेमाल

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, जलने या झुलसने के बाद जली हुई जगह को जल्द से जल्द ठंडे बहते पानी के नीचे करीब 20 मिनट तक रखना चाहिए। अगर बहता हुआ पानी उपलब्ध नहीं है तो ठंडे बोतलबंद पानी या गीले कपड़े का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे जली हुई त्वचा को ठंडा करने में मदद मिलती है।

तेल और मक्खन न लगाएं

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, जली हुई जगह पर क्रीम, तेल या मक्खन लगाने से बचना चाहिए। वहीं मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार भी जलने पर मक्खन या तेल जैसी चीजें नहीं लगानी चाहिए। इसलिए टूथपेस्ट की तरह इन घरेलू चीजों को भी जली हुई त्वचा पर लगाने से बचना चाहिए।

जले हुए हिस्से पर बर्फ न लगाएं

हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, जलने पर सीधे बर्फ लगाने से भी बचना चाहिए। इसकी जगह ठंडे पानी से जली हुई जगह को ठंडा करना बेहतर है। बहुत ठंडी चीज सीधे त्वचा पर लगाने से त्वचा को और नुकसान हो सकता है।

कपड़ा त्वचा से चिपक गया हो तो न खींचें

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, अगर जलने वाली जगह के पास कपड़े या गहने हों और वे त्वचा से चिपके न हों, तो उन्हें सावधानी से हटा सकते हैं। लेकिन अगर कपड़ा जली हुई त्वचा से चिपक गया है तो उसे खुद से खींचकर निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, जलने के बाद बने छालों को खुद से फोड़ने से बचना चाहिए।

कब डॉक्टर की मदद लेनी चाहिए

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, अगर जलना बहुत बड़ा या गहरा है या चेहरे, हाथ, पैर या जननांग जैसे संवेदनशील हिस्सों पर हुआ है, तो तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए। इसके अलावा केमिकल या बिजली से हुआ जलना भी गंभीर हो सकता है। अगर जलने की गंभीरता को लेकर कोई संदेह हो तो भी मेडिकल सलाह लेना बेहतर है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।