23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘बबुआ की तरह 12 बजे सोकर उठता तो, प्रदेश के लिए कब मिलता समय’, अखिलेश यादव पर CM योगी ने कसा तंज

CM Yogi Adityanath Slams Akhilesh Yadav: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर परिवारवाद के मुद्दे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, "बबुआ की तरह 12 बजे सोकर उठते तो, प्रदेश के लिए कब समय मिलता।"
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Mohsina Bano

Aug 23, 2026

Yogi and Akhilesh

योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव (File Photo)

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारा राजनीतिक प्रहार किया है। राजधानी लखनऊ में 3 लाख 53 हजार से अधिक मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अखिलेश यादव के परिवारवाद वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सफाया कर देगी।

'बबुआ 12 बजे सोकर उठते हैं'

सीएम योगी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दिनचर्या पर तंज कसते हुए उन्हें बबुआ कहकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के लोग दिन भर 18 घंटे काम करते हैं और एक-एक योजना पर बारीकी से चर्चा करते हैं। इसके विपरीत जब कोई बबुआ की तरह दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा, 2 बजे तक तैयार होगा, 5 बजे जिम जाएगा और फिर 7 बजे उसकी महफिल जमेगी तो ऐसे व्यक्ति को प्रदेश के विकास के लिए समय कहां से मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीब बच्चे नंगे पैर और ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर थे लेकिन आज उनके लिए यूनिफॉर्म, जूते और स्वेटर की पूरी व्यवस्था है।

समाजवादी पार्टी पर गुंडाराज का आरोप

अखिलेश यादव के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि, "हमारी पार्टी में परिवार के सभी लोग सांसद हैं इसलिए सपा सपा बनी हुई है", इस पर सीएम योगी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल अपने परिवार की खातिर गरीबों का शोषण करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में प्रदेश को गुंडों का प्रदेश बना दिया गया था। गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और आए दिन दंगे होते थे। योगी ने सख्त लहजे में कहा कि आज अगर कोई बहन-बेटी को परेशान करेगा तो उसके लिए यमराज के घर जाने का रास्ता सीधे तौर पर तय है।

रसोइयों को रक्षाबंधन पर 4 बड़े तोहफे

इस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों को रक्षाबंधन से ठीक पहले 4 बड़े तोहफे दिए। सीएम योगी ने बताया कि सरकार रसोइयों के मानदेय में वृद्धि करने जा रही है। दूसरी बड़ी घोषणा के तहत अगर किसी रसोइया के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है तो स्टेट बैंक के माध्यम से उसके परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक रसोइया और उसके परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक की मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं साड़ी और ड्रेस के लिए मिलने वाली 500 रुपये की धनराशि को भी सरकार ने दोगुना करके 1000 रुपये कर दिया है।