Lucknow Airport Flight Cancelled: राजधानी लखनऊ समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी खासा प्रभावित किया। सरोजनी नगर स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों का आवागमन बुरी तरह बाधित हुआ। भारी बारिश और खराब दृश्यता के कारण टेक ऑफ और लैंडिंग में आई बाधाओं के चलते कुल चार उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि आधा दर्जन से अधिक उड़ानों को विलंब का सामना करना पड़ा। वहीं, लगभग 20 उड़ानें 45 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक देरी से चलीं। इससे यात्रियों को न केवल मानसिक परेशानी हुई, बल्कि उनकी यात्रा योजनाएं भी चरमरा गईं।
मौसम विभाग द्वारा पूर्वानुमान के बावजूद गुरुवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने एयर ट्रैफिक को प्रभावित कर दिया। रनवे पर फिसलन और दृश्यता में कमी के चलते पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम की स्थिति रात तक बनी रही, जिससे देर रात और तड़के सुबह की उड़ानों पर खासा असर पड़ा।
हवाई अड्डा प्रबंधन और एयरलाइंस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 11:50 बजे मुंबई से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स 1219 को अचानक रद्द कर दिया गया। मौसम की खराब स्थिति इसका प्रमुख कारण बताई गई। इसके बाद उसी विमान को वापसी में अमौसी एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली फ्लाइट आईएक्स 1235, जो रात 12:20 बजे उड़ान भरने वाली थी, उसे भी रद्द करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, शुक्रवार सुबह 7:55 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 811 को भी रद्द करना पड़ा। इसी विमान को रात 9:05 बजे एआई 812 के रूप में वापस मुंबई के लिए रवाना होना था, जिसे भी निरस्त कर दिया गया।
खराब मौसम और विमानों की देरी का सिलसिला सिर्फ यहीं नहीं थमा। इंडिगो, एयर एशिया और एयर इंडिया की कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से चलीं।
रद्द की गई उड़ानों की सूचना यात्रियों को अंतिम क्षणों में दी गई, जिससे उन्हें न केवल मानसिक तनाव झेलना पड़ा बल्कि वैकल्पिक व्यवस्था भी समय पर नहीं मिल सकी। कई यात्री जो कामकाज या पारिवारिक कारणों से सफर कर रहे थे, वे बेहद परेशान दिखे। शीतल गुप्ता, जो मुंबई से लखनऊ आ रही थीं, ने बताया, "हम एयरपोर्ट पर पहुंचे ही थे कि बोर्ड पर फ्लाइट कैंसिल लिखा मिला। कोई स्टाफ स्पष्ट जानकारी देने को तैयार नहीं था।" वहीं अनिल वर्मा, जो शुक्रवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से लौटने वाले थे, ने कहा, "हमने होटल बुकिंग और मीटिंग्स पहले से तय की थीं, लेकिन फ्लाइट रद्द होने से अब सब कुछ बिगड़ गया।"
यह भी पढ़े : फिर लौटी बीएड की रौनक: सीटें घटीं, अभ्यर्थी बढ़े
चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति पूरी तरह मौसम के कारण उत्पन्न हुई है। एयरपोर्ट डायरेक्टर एके शर्मा ने बताया, "तेज बारिश और दृश्यता की कमी के चलते विमानों की सुरक्षित उड़ान संभव नहीं थी। यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। हम लगातार एयरलाइंस के संपर्क में थे और यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे थे।"
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में इसी प्रकार की बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि यात्रियों को हवाई यात्रा से पहले एयरलाइंस और एयरपोर्ट की वेबसाइट से उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 Jun 2025 08:36 am
Published on:
21 Jun 2025 08:35 am