Lucknow Crime Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के दड़ईन सरथुआ गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्ममता से हत्या कर दी। हत्या का कारण, मृतका की चचेरी बहन से आरोपी पति की संदिग्ध बातचीत बनी। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सविता देवी (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका शव सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे किसान पथ के पास झाड़ियों में बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है, और सिर पर भी ईंट से वार किया गया था। मृतका के गले पर रस्सी या कपड़े से दबाने के गहरे निशान हैं और सिर पर गंभीर चोट के कारण खून बह रहा था।