
लखनऊ का हेरिटेज जोन: सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की दिशा में एक नई पहल
Lucknow Heritage Zone Tourism Development: लखनऊ नवाबों का शहर अपनी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध है। इस विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में हुसैनाबाद क्षेत्र में हेरिटेज जोन का विकास किया जा रहा है। इस परियोजना में फ्रेगरेंस पार्क, म्यूजियम ब्लॉक, फूड कोर्ट, लजीज गली, गुलाब पार्क और नींबू पार्क जैसे घटकों का समावेश है, जो लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को और भी सशक्त बनाएंगे।
फ्रेगरेंस पार्क में इत्र निर्माण की प्रक्रिया को दर्शाने वाला इंटरप्रिटेशन सेंटर और एक आधुनिक कैफेटेरिया स्थापित किया जा रहा है। यहां विभिन्न फूलों की सुगंधों की जानकारी दी जाएगी, जिससे पर्यटक लखनऊ की इत्र परंपरा से रूबरू हो सकेंगे।
हुसैनाबाद म्यूजियम ब्लॉक में एक टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर विकसित किया जा रहा है, जिसमें एक विशेष कैंटीलीवर व्यू पॉइंट होगा। यहां से पर्यटक समस्त हेरिटेज क्षेत्र का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। साथ ही, सांस्कृतिक प्रदर्शन हेतु साहित्य, कलाकृतियाँ, पेंटिंग्स और मूर्तियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
फूड कोर्ट में लखनऊ की पारंपरिक पाक शैली को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय शाकाहारी, मिष्ठान्न और प्रसिद्ध व्यंजनों को शामिल किया जा रहा है। लजीज गली को हेरिटेज लुक दिया जाएगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को विशिष्ट लखनवी स्वाद और अनुभव मिल सके।
गुलाब पार्क में विविध रंगों के गुलाबों की योजनाबद्ध ढंग से रोपाई की जाएगी, जबकि नींबू पार्क में फव्वारों को पुनः चालू किया जाएगा। यहां आकर्षक फेसाड लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हेरिटेज कैफेटेरिया की स्थापना की जाएगी।
घंटाघर के पास सामूहिक पार्किंग एरिया विकसित किया जा रहा है, जिससे बड़ा इमामबाड़ा से छोटा इमामबाड़ा तक का मार्ग पैदल और पर्यावरण अनुकूल ई-रिक्शा एवं टांगे के लिए आरक्षित रहेगा। इससे न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। लखनऊ का हेरिटेज ज़ोन न केवल शहर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। यह पहल लखनऊ को एक नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Updated on:
17 Apr 2025 04:08 pm
Published on:
17 Apr 2025 04:08 pm
