
फोटो सोर्स : Patrika : Massive Opportunity: 19,000+ Constables & 4,500+ Sub-Inspectors in UP
UP Police Bharti 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस बल में भर्ती की तैयारी पूरी हो चुकी है। लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के युवाओं को एक बार फिर से बड़ी संख्या में सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार करीब 24,000 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन 15 जून तक जारी हो सकता है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और अब शासन से अंतिम स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। यह भर्ती अभियान सिपाही (कांस्टेबल) और उप निरीक्षक (दरोगा) जैसे प्रमुख पदों पर होने जा रहा है, जो युवाओं के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय और अपेक्षित पदों में शामिल हैं।
सूत्रों की मानें तो डीजीपी मुख्यालय की ओर से बीते दिनों 19,220 सिपाही पद और 4543 उप निरीक्षक पदों पर भर्ती का प्रस्ताव यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेजा गया था। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया है और जैसे ही अंतिम मुहर लगेगी, भर्ती का विज्ञापन सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
सिपाही (कांस्टेबल) के कुल 19,220 पदों को निम्नलिखित शाखाओं में विभाजित किया गया है:
हाल ही में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में उप निरीक्षक भर्ती में आयु सीमा में तीन वर्ष की विशेष छूट देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है। इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी जो कोविड-19 महामारी या अन्य कारणों से बीते वर्षों में आवेदन नहीं कर पाए थे।
वर्तमान भर्ती प्रक्रिया के तहत करीब 35 लाख आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है। यह अनुमान इस आधार पर लगाया गया है कि हाल ही में सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों के लिए आयोजित भर्ती में करीब 48 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। इस बार हालांकि अधिकांश पद पीएसी और विशेष सुरक्षा बल से संबंधित हैं, फिर भी व्यापक प्रतिस्पर्धा की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने ऑनलाइन आवेदन पोर्टल की टेस्टिंग, एग्जाम सेंटर चयन, और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://uppbpb.gov.in पर समय-समय पर अपडेट चेक करते रहें और अपना डाक्यूमेंटेशन पहले से तैयार रखें।
इस बार की भर्ती में महिला पीएसी वाहिनी के 2282 पद शामिल किए गए हैं, जो महिला अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर है। साथ ही उप निरीक्षक स्तर पर महिला वाहिनी में भी भर्ती होनी है, जिससे युवतियों को बल में शामिल होने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
भर्ती की खबरों से प्रदेश भर में अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। कोचिंग संस्थानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फिर से तैयारी शुरू हो चुकी है। प्रतियोगी परीक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश पुलिस की यह भर्ती इस वर्ष की सबसे बड़ी सरकारी भर्ती मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस बड़े स्तर की भर्ती योजना से न केवल प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य पुलिस बल को नई ऊर्जा और नई पीढ़ी का बल भी प्राप्त होगा। यदि यह प्रक्रिया समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरी की जाती है तो यह "न्याय, सुरक्षा और सेवा" की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
Updated on:
05 Jun 2025 11:24 am
Published on:
05 Jun 2025 11:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
