इस्लामनगर फतेहउल्लापुर के संप्रदाय विशेष के दर्जनों लोग मंगलवार को पहले कलक्ट्रेट और इसके बाद एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम के नाम सौंपे ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में रहने वाले राजकुमार जाटव का एक खाली प्लाॅट है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजकुमार दबंगई दिखाते हुए अपने प्लाॅट में अवैध रूप से एक मोबाइल कंपनी का टावर लगवा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मोबाइल टावर से निकलने वाली घातक तरंगों के चलते निकट भविष्य में क्षेत्र के निवासियों को गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। आरोप है कि क्षेत्र के निवासियों ने राजकुमार का विरोध किया तो वह दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू हो गया। क्षेत्र के निवासियों ने कहा कि राजकुमार का यह रवैया क्षेत्र में बवाल का कारण भी बन सकता है। उन्होंने टावर का निर्माणकार्य रूकवाए जाने की मांग की। इस दौरान नईम, आसिफ, अबरार, शफीक, इकराम, इमरान, सलाउद्दीन और सरफराज सहित दर्जनोें लोग मौजूद रहे।