
Raja Bhaiya vs Anupriya Patel: यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए पांचवे चरण के मतदान से पहले राजा भैया के बयान पर अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को पलटवार करना भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अनुप्रिया पटेल के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया है। कहा जा रहा है कि राजा भैया की टीम मिर्जापुर जाएगी। यहां राजा भैया की टीम अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार-प्रसार करेगी। सूत्रों का कहना है कि राजा भैया खुद भी मिर्जापुर जाएंगे। ऐसे में कयास ये भी लगाया जा रहा है कि राजा भैया सपा को मिर्जापुर लोकसभा सीट पर अपना समर्थन दे सकते हैं।
दरअसल, प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष राजा भैया को लेकर बयान देने के बाद सुर्खियों में आईं अनुप्रिया पटेल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अनुप्रिया पटेल और राजा भैया के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी के मामले को राजा भैया ने निजी तौर पर ले लिया है।
इसी के तहत मिर्जापुर जिले में राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अनुप्रिया पटेल के खिलाफ बगावत के बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बैठक में फैसला लिया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में अनुप्रिया पटेल के खिलाफ राजा भैया की टीम प्रचार करेगी।
भाजपा के सहयोगी दल अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। राजा भैया के खिलाफ बयानबाजी से गुस्साए जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के बड़े नेता भी अब अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार करने के लिए मिर्जापुर में डेरा जमाने लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि राजा भैया खुद भी अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार करने के लिए मिर्जापुर आ सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो मिर्जापुर लोकसभा सीट पर क्षत्रिय वोट बैंक में बंटवारा होना तय है।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के मिर्जापुर जिलाध्यक्ष अनुज उमर ने बताया "अनुप्रिया पटेल जनता का विश्वास खो चुकी हैं। उनका जगह-जगह विरोध हो रहा है, इसलिए वह कुछ भी बोल रही हैं। यह टिप्पणी उनकी हताशा को दर्शाती है। पार्टी के कार्यकर्ता उनको करारा जवाब देंगे।" इस दौरान उन्होंने दावा किया कि जल्द ही राजा भैया की टीम मिर्जापुर आएगी। राजा भैया भी अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार के लिए मिर्जापुर आएंगे।
प्रतापगढ़ जिले में चुनाव प्रचार के दौरान अनुप्रिया पटेल ने राजा भैया पर निशाना साधते हुए कहा था कि राजा-रानी के पेट से नहीं, बल्कि ईवीएम से पैदा होते हैं। यह बयान खूब वायरल हुआ था। जिसके बाद उनके समर्थक नाराज हो गए थे। नाराज कार्यकर्ताओं ने बैठक करके बयान को कुंठा से प्रेरित बताकर अनुप्रिया के बगावत का ऐलान किया है। राजा भैया की टीम के मिर्जापुर आने की चर्चाएं हैं और अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार-प्रसार भी करेगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 May 2024, 5:16 PM IST
Published on:
21 May 2024, 5:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.