
हिमाचल: भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने दी ऊंचाई वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह
नई दिल्ली। कई दिनों से गर्मी की मार झेल रही हिमाचल प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मुसलादार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को स्थानीय लोगों व पर्यटकों से ऊंचाई वाले इलाकों से दूरी बनाने की सलाह दी। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां बुधवार से राज्य के कुछ स्थानों पर आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कुल्लू, शिमला, सिरमौर, चंबा, लाहौल व स्पीति और किन्नौर जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना अधिक है। उन्होंने कहा कि मनाली से 52 किमी दूर रोहतांग पास जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी मौसम की स्थिति पर निगाह बनाए रखने की सलाह दी गई है।
बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि रोहतांग में बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना है। इसलिए स्थानीय लोगों को कुल्लू जिले में नदियों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी गई है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए मौसम विभाग ऩे पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भी पहले से तैयारियां कर ली है।
गर्मी से लोगों का बुरा हाल
गौरतलब है कि मानसून के कमजोर होने के कारण पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। दक्षिण-पश्चिम मानसून कई दिनों से कमजोर पड़ा हुआ था। मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि यह स्थिति 10 जुलाई तक बनी रह सकती है। इसके बाद भारी बारिश के आसार है। वहीं, बारिश ना होने की वजह से सतलुज, ब्यास और यमुना नदियों और उनकी सहायक नदियों का जलस्तर घटा हुआ है।
Published on:
10 Jul 2018, 4:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.