
तेज प्रताप की फिर बिगड़ी तबीयत, भूखे पेट कर रहे थे गोवर्धन परिक्रमा
नई दिल्ली। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और राजद नेता तेज प्रताप यादव के तलाक के फैसले लालू परिवार में घमासान मचा है। यही कारण है कि बेटे तेज से नाराज मां राबड़ी देवी ने इस बार छठ पूजा से दूरी बनाने का फैसला लिया है। वहीं, परिवार वालों की नाराजगी के बाद घर छोड़कर तीर्थस्थलों का भ्रमण कर हरे तेज प्रताप की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। खबर है कि तेज प्रताप बिना कुछ खाए-पिए वृंदावन में गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रहे थे, जिसकी वजह से उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। आपको बता दें कि लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप ने शादी के 5 माह बाद ही पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक का फैसला लिया है।
तेज प्रताप ने पटना की एक स्थानीय अदालत में तलाक की अर्जी दी है। अपनी अर्जी में तेज प्रताप ने कहा कि उनका पत्नी ऐश्वर्या से तालमेल नहीं खा रहा है और अब वो दोनों एक साथ नहीं रह सकते। इसके साथ ही तेज प्रताप ने ऐश्वर्या पर दबाव बनाने व तलाक के लिए उकसाने के आरोप भी लगाए हैं। अर्जी में कहा गया है कि शादी के बाद से ही ऐश्वर्या उन पर अपने पिता चंद्रिका राय को छपरा लोकसभा से सीट दिलाने का दबाव बना रही थीं।दरअसल, पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की खबरों के बीच तेज प्रताप यादव घर छोड़कर तीर्थस्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। जबकि मां राबड़ी देवी और पत्नी ऐश्वर्या समेत परिवार के सभी लोग उनका पटना में लौटने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार वृंदावन के लोगों और पुजारियों ने तेज प्रताप को बताया है कि कार्तिक मास में गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने वाले की सारी मन्नतें पूरी हो जाती हैं। ऐसे भी खबर सामने आई है कि तेज प्रताप अब सभी धामों और तीर्थ स्थलों की यात्रा करने के बाद ही घर लौटेंगे।
बताया गया कि परिक्रमा के दौरान तेज प्रताप नंगे पांव ऊबड़-खाबड़ रास्ते से होते हुए साढ़े पांच घंटे तक चले। यहां तक कि परिक्रमा के दौरान उन्होंने कुछ खाया-पिया भी नहीं। श्याम कुंड और राधा कुंड में स्नान करने के बाद उन्होंने शाम को 7.00 बजे परिक्रमा शुरू की और देर रात पूरी कर वापस लौटे। गोवर्धन परिक्रमा के दौरान तेज प्रताप न केवल पूरी तरह से थक गए, बल्कि उनके पांव भी सूज गए थे।
Updated on:
14 Nov 2018, 11:30 AM IST
Published on:
14 Nov 2018, 11:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.