पटना: बिहार के मुजफ्फुरपुर बालिका गृह रेप कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर पर कोर्ट परिसर में स्याही फेंकी गई । साथ ही उसके मुंह पर कालिख भी पोती गई है। बालिका गृह चलाने वाले ब्रजेश ठाकुर की बुधवार को कोर्ट में पेशी थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने ब्रजेश ठाकुर को रोककर उसके ऊपर स्याही फेंकते हुए कालिख पोत दी। इससे पहले बालिका गृह संचालक और रेप कांड के मास्टरमांइड ब्रजेश ठाकुर का बड़ा बयान आया, जिसमें उन्होंने कहा कि मंजू वर्मा के पति से उनकी सिर्फ राजनीतिक मुद्दों पर बात होती थी। ब्रजेश ने कहा कि मेरा मधु वर्मा से कोई रिश्ता नहीं है, जो कुछ हो रहा है वह मेरे खिलाफ साजिश है। ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस में शामिल होने वाले थे और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे और मुजफ्फरपुर से ही टिकट मिलना तय हो गया था। ये लोग हमारे अखबार को बंद कराना चाहते हैं।