
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बोले, आज भी प्रासंगिक है महात्मा गांधी का संदेश
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अपनी भारत यात्रा से पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया है। उन्होंने कहा है कि महात्मा गांधी का सांप्रदायिक सौहार्द और सहिष्णुता का संदेश आज भी प्रासंगिक है। गुतारेस भारत की यात्रा पर ऐसे समय आ रहे हैं, जब महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने के लिए 2 अक्तूबर से कार्यक्रमों की शुरूआत हो रही है। गुतारेस ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारत की उनकी पहली यात्रा ऐसे समय में हो रही है। महात्मा गांधी ‘भारत के महान सामाजिक, राजनीतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे और इतिहास की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक हैं।’
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि गांधी का शांति एवं अहिंसा का संदेश अन्य देशों में भी काफी आगे गया है। यही कारण है कि सन 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाना निर्धारित किया। एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि- ‘आज के अशांत विश्व में गांधी का साम्प्रदायिक सौहार्द्र एवं सहिष्णुता का संदेश पहले की तरह ही प्रासंगिक है। महात्मा गांधी की विरासत संरक्षित रहनी चाहिए और विश्व के देश अपनी विशिष्ट सांस्कृति एवं धार्मिक विविधता को संजोएं और उसका सम्मान करें।’
उन्होंने कहा कि विश्व को लोकतांत्रिक बनाने और अत्यंत गरीबी एवं भूख मिटाने के प्रयास में भारत को एक खास भूमिका निभानी होगी। उन्होंने प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत के वैश्विक रूप से अग्रणी बनने की प्रशंसा करहते हुए उन्होंने कहा कि- युवा भारतीय न केवल भारत के भविष्य को रूप दे रहे हैं बल्कि पूरी दुनिया को बेहतर बनाने में योगदान कर रहे हैं।
बता दें, गुतारेस अपनी भारत यात्रा के पहले दिन नई दिल्ली में नए यूएन हाउस का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्वच्छता सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे। वह इंडिया हैबिटैट सेंटर में ‘वैश्विक चुनौतियां, वैश्विक हल’ विषय पर अपने विचार रखेंगे। इससे पहले वे लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मुलाकात करेंगे। शाम को वे अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की आमसभा में शामिल होंगे। गुतारेस राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। इसके बाद तीन अक्तूबर को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के दर्शनों के लिए जाएंगे।
Published on:
30 Sept 2018 07:55 pm
बड़ी खबरें
View Allविश्व की अन्य खबरें
विदेश
ट्रेंडिंग
