
अजित पवार-जय पवार। फाइल फोटो- पत्रिका
Ajit Pawar: अजित पवार के निधन के बाद उनके बेटे जय पवार ने चुनावी सभा में अपने पिता को याद करते हुए भावुक बात कही। नाझरे सुपे में सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव प्रचार के दौरान जय पवार ने कहा कि जीवन में कभी नहीं सोचा था कि पिता के बिना चुनावी सभा करनी पड़ेगी। जय पवार ने कहा कि अजित पवार ने जीवनभर अपने साथियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ आत्मीय संबंध बनाए। इसलिए उम्मीद थी कि उनके पुराने साथी इस मुश्किल समय में परिवार की स्थिति को समझेंगे और परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद मां सुनेत्रा पवार पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। निजी दुख के बावजूद उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संभाला और नेतृत्व की जिम्मेदारी स्वीकार की। ऐसे समय में पुराने साथियों को भी उनके साथ खड़ा होना चाहिए। जय पवार ने कहा कि अजित पवार ने उन्हें कभी किसी व्यक्ति के खिलाफ राजनीति करने की सीख नहीं दी। उन्होंने हमेशा विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देने और किसानों तथा सदस्यों के हित को सबसे ऊपर रखने की बात कही। इसी विचार के साथ वह आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सोमेश्वर चीनी मिल किसी एक व्यक्ति की संस्था नहीं है। यह हजारों सदस्यों और गन्ना उत्पादक किसानों की मेहनत से खड़ी हुई सहकारिता की विरासत है। मिल के विकास को गति देना, आर्थिक अनुशासन बनाए रखना और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए मिल को मजबूत बनाना उनका प्रमुख उद्देश्य है। अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए जय पवार ने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर ढंग से चलाने के लिए आर्थिक अनुशासन और सही योजना जरूरी है। उन्होंने सदस्यों से मिल और किसानों के हित में अपने पैनल को समर्थन देने की अपील की। सभा में क्षेत्र के किसान, सदस्य, कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सोमेश्वर चीनी मिल के चुनाव को लेकर शुरुआत में चुनाव निर्विरोध होने की चर्चा थी। दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के बीच सहमति बनने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन बाद में मिल के मौजूदा अध्यक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम जगताप ने अलग रुख अपनाते हुए अपना पैनल खड़ा कर दिया। जगताप ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से ‘लोकनेते अजितदादा सोमेश्वर विकास पैनल’ की घोषणा की। इससे सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस गुट के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई।
जगताप के पैनल के नाम में अजित पवार का नाम शामिल किए जाने पर सुनेत्रा पवार ने उनसे अजित पवार के नाम का इस्तेमाल किए बिना चुनाव लड़ने की अपील की। इसके जवाब में पुरुषोत्तम जगताप ने कहा कि उन्होंने मिल के सदस्यों और मिल के विकास को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र पैनल बनाने का फैसला किया है। जगताप ने कहा कि अजित पवार सदस्यों के दिल में हैं और उन्हें सदस्यों के मन से कोई बाहर नहीं निकाल सकता।
Updated on:
05 Oct 2026 05:25 pm
Published on:
05 Oct 2026 05:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
