
प्रतीकात्मक तस्वीर
Nashik Road Accident: तीन साल पहले दिवंगत हुए बेटे के तर्पण की रस्म पूरी कर लौट रहे परिवार की कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 67 वर्षीय पिता किरीटभाई ठक्कर की मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार चल ही रहा था कि गंभीर रूप से घायल बेटे कार्तिक ने भी दम तोड़ दिया। ठक्कर परिवार नासिक में रहता है और मूल रूप से गुजरात के अंजार का रहने वाला है। परिवार के एक बेटे कृतिक की तीन साल पहले मौत हो गई थी। पितृपक्ष में उसकी आत्मा की शांति के लिए परिवार के लोग गया गए थे।
किरीटभाई अपने बेटे कार्तिक और दो चचेरे भाइयों के साथ गए थे। वहां धार्मिक रस्म पूरी करने के बाद परिवार अंजार पहुंचा और फिर नासिक के लिए रवाना हुआ। नासिक लौटते समय उनकी कार की एक खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में 67 वर्षीय किरीटभाई ठक्कर की मौत हो गई। कार्तिक को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। वहीं पंचवटी अमरधाम में किरीटभाई के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान परिवार को कार्तिक की हालत बिगड़ने की जानकारी मिली और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। पिता के अंतिम संस्कार के बीच बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीन साल पहले बेटे कृतिक की मौत के बाद परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था। उसी बेटे का तर्पण करने गया परिवार लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में पिता और दूसरे बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। रिश्तेदारों और परिचितों के बीच भी शोक का माहौल है। किरीटभाई ठक्कर नासिक में हींग के प्रसिद्ध कारोबारी थे। वह दिंडोरी रोड स्थित महालक्ष्मी सिनेमाघर के पीछे लोकसहकार नगर में पत्नी, बेटे, बहू और पोते-पोतियों के साथ रहते थे। कार्तिक के परिवार में उनकी मां, पत्नी और एक बेटा है।
नासिक में एक अन्य सड़क हादसे में 67 वर्षीय टेलीकॉम कारोबारी हेमंत चंद्रनारायण राठी की मौत हो गई। हादसा 29 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे कनाडा कॉर्नर के पास वसंत मार्केट इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार, हेमंत राठी सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए पहले लीलावती अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Updated on:
05 Oct 2026 04:22 pm
Published on:
05 Oct 2026 04:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
