
क्षतिग्रस्त कार। फोटो (X-@richapintoi)
Car Falls On Railway Track: नवी मुंबई के बेलापूर स्थित पारसिक हिल इलाके में गुरुवार को एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। पहाड़ी पर चल रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में सीधे नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह कार पहाड़ी से नीचे गिरी, उस समय वहां से कोई लोकल ट्रेन नहीं गुजर रही थी। अगर उस वक्त कोई ट्रेन वहां से निकल रही होती तो एक बड़ा और भयानक हादसा हो सकता था। इस हादसे में कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पारसिक हिल की पहाड़ी के नीचे एक रेलवे सुरंग (टनल) स्थित है, जहां से दिन-रात ट्रेनों की आवाजाही बनी रहती है। कार अचानक पहाड़ी से फिसली और सीधे इसी टनल के ठीक आगे बने रेलवे ट्रैक पर जा पहुंची। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार के गिरते ही रेलवे ट्रैक और ऊपर लगे ओवरहेड बिजली के तारों (ओएचई) को नुकसान पहुंचने की आशंका से पनवेल-उरण मार्ग पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और अग्निशमन दल के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से रेलवे ट्रैक पर पड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।
रेलवे प्रशासन तकनीकी टीम के साथ इस बात की गहन जांच कर रहा है कि दुर्घटना के कारण ओवरहेड वायर या पटरियों को कितना नुकसान हुआ है। जांच और मरम्मत का काम पूरा होने के बाद ही इस रूट पर फिर से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। वहीं स्थानीय पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कार चालक ने नियंत्रण कैसे खोया।
Updated on:
24 Sept 2026 05:34 pm
Published on:
24 Sept 2026 05:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
