
दिशा सालियान मामले से मेरा कोई संबंध नहीं- आदित्य ठाकरे (Patrika File Photo)
Nitesh Rane on Disha Salian Death: दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत मामले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे को लेकर बड़ा दावा किया है। राणे ने कहा कि उन्हें आशंका है कि आदित्य ठाकरे देश से बाहर जा सकते हैं। वह रविवार को अपने पिता उद्धव ठाकरे की रैली में भी नजर नहीं आये थे। उन्होंने जांच एजेंसियों से मामले में सामने आ रहे नामों की जांच करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि आरोप लगने का मतलब यह नहीं है कि दोष सिद्ध हो गया है।
पत्रकारों से बात करते हुए नितेश राणे ने आशंका जताई कि दिशा सालियान केस में जांच तेज होती देख आदित्य ठाकरे देश छोड़कर विदेश भाग चुके हैं या भागने की फिराक में हैं। भाजपा नेता ने कहा कि गंभीर अपराध की जांच में यदि किसी व्यक्ति का नाम बार-बार सामने आता है तो जांच एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर तथ्यों की जांच करें। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वह लगातार इस मामले में अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।
राणे ने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के विदेश जाने को लेकर कार्रवाई केवल आरोपों के आधार पर नहीं होनी चाहिए। यदि जांच एजेंसी को कानूनी आधार पर लगता है कि किसी व्यक्ति के विदेश जाने पर रोक लगाने की जरूरत है तो लुकआउट नोटिस, पासपोर्ट से संबंधित कार्रवाई या अन्य कानूनी प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जा सकता है।
नितेश राणे इससे पहले भी आदित्य ठाकरे के विदेश जाने को लेकर दावा कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि आदित्य ठाकरे ने विदेश जाने के लिए टिकट बुक कराए हैं और उनका पासपोर्ट जब्त किया जाना चाहिए।
उधर, ठाकरे की ओर से आरोपों को खारिज किया गया है। आदित्य ठाकरे ने पहले कहा था कि उनका दिशा सालियान से कोई संबंध नहीं था और वह उन्हें कभी नहीं मिले थे।
दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर पिछले महीने सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे का नाम राजनीतिक बहस के केंद्र में है।
इस बीच दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भी भेजा था। आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्हें दिशा से जोड़ने की कोशिश उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से की जा रही है।
दिशा सालियान मामले में पिछले कई वर्षों से आरोप-प्रत्यारोप लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन यह अभी तक महज आरोप तक ही सिमित है। भाजपा विधायक नितेश राणे ने भी अपने बयान में कहा कि यदि जांच एजेंसियां किसी व्यक्ति के विदेश जाने को लेकर कार्रवाई करती हैं तो वह ठोस सबूत और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़नी चाहिए।
बता दें कि दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। मुंबई पुलिस ने उस समय इसे दुर्घटनावश हुई मौत के तौर पर दर्ज किया था। बाद में मामले को लेकर कई सवाल उठे और दिशा के पिता सतीश सालियान ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाई कोर्ट ने कहा कि जांच करीब छह साल तक चलती रही, लेकिन कई सवालों के जवाब नहीं मिले। अदालत ने जांच में कई कमियों की ओर इशारा किया और केंद्रीय जांच एजेंसी को मामला सौंपा।
Updated on:
05 Oct 2026 02:12 pm
Published on:
05 Oct 2026 01:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
