
सिया के दो पूर्व प्रेमियों से पूछताछ (Photo: X/IANS)
Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को लोहगढ़ किले तक बुलाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल किया था। जांच के दौरान सिया के पुराने प्रेम संबंधों और चेतन के साथ उसकी कथित बातचीत को लेकर भी कई सवाल उठे हैं।
हत्या से महज 15 दिन पहले सिया केतन को दो बार लोहगढ़ किले पर घुमाने के बहाने ले गई थी। बार-बार एक ही जगह जाने की वजह से केतन के घरवाले उसे दोबारा लोहगढ़ जाने की इजाजत नहीं देते, यह बात आरोपी अच्छी तरह जानते थे। इसीलिए आरोपियों ने एक नई चाल चली।
रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि सिया ने अपनी एक नेल आर्टिस्ट सहेली की तस्वीरें चुराकर 'माही जे' नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस फेक अकाउंट से केतन से संपर्क किया गया। उसे बताया गया कि सिया के जन्मदिन से एक दिन पहले लोहगढ़ में उसके लिए सरप्राइज पार्टी रखी जाएगी। इस झांसे में आकर केतन लोहगढ़ पहुंच गया, जहां आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।
जिस सहेली की तस्वीरों का इस्तेमाल इस फर्जी अकाउंट के लिए किया गया था, वह पेशे से नेल आर्टिस्ट है। घटना के समय उसका पति एक आपराधिक मामले में जेल में था और उसके सिर पर छोटे बच्चे की जिम्मेदारी थी। उसकी इसी लाचारी का फायदा उठाते हुए सिया और चेतन ने उसे मुंह बंद रखने की धमकी दी थी।
हालांकि, केतन की हत्या की खबर सामने आते ही सहेली ने अपनी मां से बात की और पति के जेल से बाहर आते ही सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचकर सारा सच उगल दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने सिया के अतीत से जुड़े दो युवकों का पता लगाया और उनके बयान दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार, सिया की बहन जब दसवीं कक्षा में पढ़ रही थी, तब सिया उसके क्लास में जाया करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए। यह रिश्ता करीब एक साल तक चला।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान सिया की इंस्टाग्राम के जरिए एक अन्य युवक से भी पहचान हुई। दोनों के बीच बातचीत और चैटिंग शुरू हुई, जिसके बाद उनके बीच भी कथित प्रेम संबंध बने। पुलिस ने दोनों पूर्व प्रेमियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
बताया जा रहा है कि केतन अग्रवाल सिया से बेहद प्यार करता था। उसने अपनी पीठ पर सिया के नाम का टैटू भी बनवाया था। दोनों की शादी नवंबर में तय थी। बताया जाता है कि केतन ने सिया के लिए 28 महंगे कपड़े और लाखों रुपये के आभूषण भी खरीदे थे। लेकिन सिया के दिल और दिमाग में कुछ और ही चल रहा था।
इसी बीच केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने सिया और चेतन के रिश्ते को लेकर गंभीर दावा किया है। उनका कहना है कि दोनों के बीच हुई बातचीत में वे एक-दूसरे को 'हबी' और 'वाइफी' कहकर संबोधित करते थे। इतना ही नहीं, दोनों के बीच शादी की सालगिरह की शुभकामनाओं का भी आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या सिया और चेतन की शादी हुई थी? इस दावे की पुलिस जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, लोहगढ़ ले जाने की कथित योजना, सिया के पुराने रिश्ते और चेतन के साथ उसकी बातचीत जैसे कई पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस पूर्व प्रेमियों के बयान, डिजिटल बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, सामने आए आरोपों और दावों की जांच जारी है।
Updated on:
30 Sept 2026 12:56 pm
Published on:
30 Sept 2026 12:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
