
बारामती में सुनेत्रा पवार आगे, रिकॉर्ड जीत की संभावना (Photo: IANS)
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे बारामती और राहुरी उपचुनावों में भाजपा नीत महायुति को शुरुआती रुझानों में बड़ी बढ़त मिलती नजर आ रही है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में शुरुआती आंकड़े महायुति के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। हालांकि विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) ने बारामती में अजित पवार की पत्नी व राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था।
बारामती सीट पर उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद हुआ है। 23 अप्रैल को हुए मतदान के बाद आज नतीजे सामने आ रहे हैं। यहां सुनेत्रा पवार के खिलाफ कुल 22 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन शुरुआती रुझानों में सुनेत्रा पवार करीब 26 हजार वोटों से आगे चल रही हैं।
एग्जिट पोल के मुताबिक, सुनेत्रा पवार दो लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर सकती हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह एक नया रिकॉर्ड होगा। इससे पहले 2019 में अजित पवार ने 1 लाख 65 हजार 265 वोटों से जीत दर्ज की थी। अब यह आंकड़ा पार करना बड़ा लक्ष्य माना जा रहा है।
राहुरी सीट पर उपचुनाव भाजपा विधायक शिवाजीराव कर्डिले के निधन के बाद कराया गया था। इस सीट पर कुल 7 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें भाजपा के अक्षय कर्डिले, एनसीपी (शरद पवार गुट) के गोविंद मोकाटे, शिवसेना (ठाकरे गुट) के रावसाहेब खेवरे और वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के संतोष चोलके प्रमुख नाम हैं।
पोस्टल बैलेट के बाद अब ईवीएम की गिनती में भी शिवाजी कर्डिले के बेटे अक्षय कर्डिले बढ़त बनाते नजर आ रहे हैं। अभी ईवीएम वोटों की गिनती चल रही है, जिसमें वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 15 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे है।
बारामती और राहुरी दोनों ही सीटों पर महायुति की बढ़त को राज्य की राजनीति में बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर बारामती, जो लंबे समय से पवार परिवार का गढ़ रही है, वहां के रुझान आने वाले समय की राजनीतिक दिशा तय कर सकते हैं। आने वाले कुछ घंटों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी, लेकिन शुरुआती रुझानों ने महायुति खेमे में उत्साह का माहौल बना दिया है।
Updated on:
04 May 2026 09:40 am
Published on:
04 May 2026 09:05 am
