
राजा शिवाजी ने एक दिन को पछाड़ा
Raja Shivaji Box Office Collection Day 3: बॉक्स ऑफिस पर इस हफ्ते एक तरफ छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवशाली इतिहास है, तो दूसरी तरफ एक रोमांटिक ड्रामा। लेकिन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि दर्शकों का दिल किस फिल्म ने जीता है। रितेश देशमुख की महत्वाकांक्षी फिल्म'राजा शिवाजी' सिनेमाघरों में तूफान लेकर आई है। फिल्म ने न केवल मराठी सिनेमा के लिए सफलता के नए कीर्तिमान रचे हैं, बल्कि हिंदी पट्टी में भी इसका डंका बज रहा है। फिल्म के लिए संडे भी किसी त्यौहार से कम नहीं रहा। फिल्म की छप्परफाड़ कमाई हुई है।
रितेश देशमुख के निर्देशन में बनी 'राजा शिवाजी' की सबसे बड़ी ताकत इसकी कंसिस्टेंसी रही है। रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म ने जो रफ़्तार पकड़ी, वह रविवार को और तेज हो गई। पहले दिन 11.35 करोड़ और दूसरे दिन 10.55 करोड़ कमाने के बाद, रविवार को फिल्म ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी छलांग लगाई। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन 12 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया।
हैरानी की बात यह है कि एक रीजनल बैकग्राउंड की फिल्म होने के बावजूद यह लगातार तीन दिनों से डबल डिजिट में कमाई कर रही है। फिल्म ने अपने हिंदी वर्जन से 4.25 करोड़ और मराठी वर्जन से 7.25 करोड़ रुपये बटोरकर कुल नेट कलेक्शन 33.90 करोड़ तक पहुँचा दिया है। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 40 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुका है।
आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ स्टार साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह फिल्म 'राजा शिवाजी' की आंधी के सामने टिक नहीं पाई। आमिर खान प्रोडक्शन की यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही है। फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ और दूसरे दिन महज 1 करोड़ की कमाई की थी। रविवार की छुट्टी का भी फिल्म को कोई खास फायदा नहीं मिला और इसने केवल 1.70 करोड़ का कलेक्शन किया। तीन दिन बीत जाने के बाद भी फिल्म 5 करोड़ का आंकड़ा नहीं छू पाई है और इसका कुल कलेक्शन 3.85 करोड़ पर सिमट गया है।
'राजा शिवाजी' की सफलता के पीछे इसकी भव्यता और स्टार कास्ट का बड़ा हाथ है। फिल्म में अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, जेनेलिया देशमुख और भाग्यश्री जैसे दिग्गज कलाकार हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान के कैमियो की हो रही है, जिसने फैंस के बीच फिल्म का क्रेज दोगुना कर दिया है। रितेश देशमुख ने जिस विजन के साथ इसे पर्दे पर उतारा है, दर्शक उसे खूब सराह रहे हैं।
Updated on:
04 May 2026 07:32 am
Published on:
04 May 2026 07:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
