
मुंबई-ठाणे समेत कई जिलों में गर्मी का अलर्ट (Patrika File)
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून की विदाई शुरू होने के बाद अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगा है। हालांकि, कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने अपने ताजा पूर्वानुमान में 4 से 8 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों के मौसम की स्थिति बताई है। इसके अनुसार मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में अगले दो दिनों तक कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है, जबकि कुछ जिलों में बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
IMD के अनुसार 4 और 5 अक्टूबर को मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरी स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों में अगले 48 घंटे अलग-अलग स्थानों पर गर्म और उमस भरी परिस्थितियां रहने की संभावना जताई गई है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। फिर 8 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
जबकि कोंकण के सिंधुदुर्ग में अगले 24 घंटे कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। 5 और 6 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने के बाद 7 और 8 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार पुणे में 7 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं पुणे घाट क्षेत्र में 7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 8 अक्टूबर को यहां मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कोल्हापुर घाट क्षेत्र में 7 और 8 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है। कोल्हापुर जिले में भी दोनों दिनों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सतारा और सतारा घाट क्षेत्र में भी 7 और 8 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
विदर्भ में अधिकांश जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि गढ़चिरौली में 6 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक वाला तूफान, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
गढ़चिरौली के अलावा नागपुर, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल और अन्य कई विदर्भ जिलों के लिए इस अवधि में कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, सांगली, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड, लातूर और धाराशिव में 8 अक्टूबर तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने की संभावना है। विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा और चंद्रपुर समेत कई विदर्भ जिलों के लिए भी पूर्वानुमान में कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
Updated on:
04 Oct 2026 05:32 pm
Published on:
04 Oct 2026 05:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
