मुंबई में एक ही रात तीन बहुमंजिला इमारतों में लगी आग, एक व्यक्ति की मौत; पटाखे बने वजह!
Mumbai Fire News: मुंबई के कांदिवली, गोरेगांव और अंधेरी में शनिवार रात तीन बहुमंजिला इमारतों में आग लग गई। अंधेरी के रुनवाल टॉवर हादसे में 46 वर्षीय धनपत महतो की दम घुटने से मौत हो गई।
मुंबई में इमारत में भीषण आग, एक की मौत (Patrika File Photo)
Runwal Tower Fire: मुंबई में शनिवार रात आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। कांदिवली, गोरेगांव और अंधेरी में बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में एक 46 वर्षीय व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि कुछ जगहों पर पटाखों की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मुंबई में शनिवार रात कुछ ही घंटों के भीतर आग लगने की तीन घटनाएं हुईं। तीनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात यह रही कि कांदिवली और गोरेगांव में आग पर जल्द काबू पा लिया गया। हालांकि, अंधेरी की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।
आग लगने की पहली घटना कांदिवली पश्चिम में सामने आई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक अधिकारी के मुताबिक, रात करीब 9:20 बजे ओल्ड लिंक रोड पर गणेश मार्केट के पास स्थित सिरिया बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली।
22 मंजिला इस इमारत में आग भूतल पर बने ड्राई रिफ्यूज एरिया और पुराने, कबाड़ हो चुके डीजल जनरेटर सेट तक सीमित थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। रात करीब 10:15 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
गोरेगांव के मोरक्कन अपार्टमेंट की 19वीं मंजिल पर आग
दूसरी घटना गोरेगांव पूर्व के रॉयल पाम्स इलाके में हुई। यहां स्थित मोरक्कन अपार्टमेंट में रात करीब 9:25 बजे आग लगने की सूचना मिली।
अधिकारियों के अनुसार, आग इमारत की 19वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की गैलरी में लगी थी। इसकी चपेट में आने से बिजली के तार, घरेलू सामान, फर्नीचर और कपड़े जल गए। दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रात 9:52 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
अंधेरी के रुनवाल टॉवर में आग, 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत
तीसरी और सबसे गंभीर घटना अंधेरी पश्चिम में लोखंडवाला ब्रिज के पास स्थित रुनवाल टॉवर में हुई। अधिकारियों को रात करीब 9:50 बजे इस इमारत में आग लगने की सूचना मिली।
आग 17वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1701 में लगी थी। इसकी वजह से फ्लैट की बिजली की वायरिंग और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और रात 10:37 बजे तक आग को नियंत्रित कर लिया।
हालांकि, इस हादसे में 46 वर्षीय धनपत महतो की दम घुटने से मौत हो गई। आग और धुएं के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटाखों की वजह से आग लगने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि तीनों घटनाओं के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि इनमें से कुछ जगहों पर पटाखों की वजह से आग लगी हो सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।