6 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राइफल साफ करते समय अचानक चली गोली, होटल व्यवसायी के बेटे की मौत, पुणे के लोनावला में दर्दनाक हादसा

Maharashtra Accident: लोनावला के भुशी गांव में लाइसेंसी राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने से 33 वर्षीय होटल व्यवसायी के बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Oct 06, 2026

lonavala Rifle Accident

पीड़ित होटल परिसर में साफ कर रहा था राइफल (Patrika File Photo)

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोनावला में एक बेहद दर्दनाक घटना घटी है। भुशी गांव में घर पर लाइसेंसी राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभय माणिक मराठे (33) के तौर पर हुई है। घटना के बाद भुशी गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

होटल परिसर में हुई घटना

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भुशी गांव स्थित होटल मोतीराम के परिसर में हुआ। अभय मराठे अपने पिता के नाम पर मौजूद लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और राइफल से गोली चल गई।

गोली सीधे अभय की छाती में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। अभय को गंभीर हालत में इलाज के लिए लोनावला के संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन छाती में गोली गहराई तक लगने के कारण अभय को बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही लोनावला शहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राइफल साफ करते समय उसमें गोली लोड क्यों थी और हथियार संभालने के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी सावधानियां बरती गई थीं या नहीं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसा या कोई और वजह? पुलिस कर रही जांच

फिलहाल शुरुआती जानकारी में घटना को हादसा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। राइफल में गोली पहले से लोड थी या नहीं और ट्रिगर किस तरह दबा, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

इस दर्दनाक घटना से मराठे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभय की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में मातम है।