29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / ‘हम न घर के रहे न घाट के’, परिसीमन बिल के समर्थन से शरद गुट में बगावत! दो नेताओं का इस्तीफा

‘हम न घर के रहे न घाट के’, परिसीमन बिल के समर्थन से शरद गुट में बगावत! दो नेताओं का इस्तीफा

Sharad Pawar NCP support delimitation bill: परिसीमन (निर्वाचन क्षेत्र पुनर्रचना) विधेयक को पारित कराने के लिए भाजपा द्वारा संख्याबल जुटाने की कवायद के बीच ऐसी चर्चाएं हैं कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) इस विधेयक का समर्थन करेगी। यह खबर सामने आते ही पार्टी के भीतर असंतोष के सुर उभरने लगे हैं और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में नाराजगी के चलते इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 29 Nov 2026, 1:33 PM IST

Sharad Pawar

शरद पवार (File Photo: IANS)

Delimitation Bill Lok Sabha: लोकसभा में सोमवार को केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन (Delimitation) विधेयक पेश किए जाने की चर्चा के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस विधेयक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भाजपा को समर्थन देने की संभावना से पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ने लगी है। कई नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस संभावित फैसले पर सवाल उठाए हैं। विरोध अब इस्तीफों तक पहुंच गया है। पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने अपने पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है।

अभयसिंह जगताप का पत्र में छलका दर्द

पार्टी में नाराजगी के बीच माण-खटाव विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष और राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभयसिंह जगताप ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ने का फैसला किया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा है।

जगताप ने पत्र में पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के विचारों से समझौता करने और मौजूदा राजनीतिक रुख पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पार्टी भाजपा के साथ हाथ मिलाने जा रही है, तो कार्यकर्ताओं को भाजपा के खिलाफ संघर्ष करने की जरूरत ही क्या है?

'भाजपा के साथ जाना है तो सीधे उसी पार्टी में चले जाएं'

शशिकांत शिंदे को लिखे पत्र में अभयसिंह जगताप ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि पार्टी भाजपा के साथ जाने वाली है, तो कार्यकर्ताओं को पार्टी के पीछे भागने के बजाय सीधे भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि सभी नेता अपना राजनीतिक स्वार्थ देखेंगे, तो निस्वार्थ भाव से काम करने वाले कार्यकर्ता ही नुकसान उठाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि जब कार्यकर्ताओं को ही नुकसान उठाना है, तो वे भाजपा का विरोध करके अपना नुकसान क्यों करें?

जगताप ने आगे कहा कि यदि भाजपा का विरोध करना ही है, तो उस पार्टी का समर्थन क्यों नहीं किया जाना चाहिए, जो मजबूती से भाजपा के खिलाफ खड़ी है? उनके मुताबिक, मौजूदा स्थिति में कार्यकर्ताओं की हालत 'न घर का, न घाट का' जैसी हो गई है। इसलिए अब कोई ठोस फैसला लेना जरूरी है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए संगठन से विदाई लेने की बात कही।

सोशल मीडिया सेल के प्रदेश महासचिव का भी इस्तीफा

पार्टी के भीतर नाराजगी का एक और मामला सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के सोशल मीडिया सेल के प्रदेश महासचिव रामेश्वर खामकर ने भी सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा पत्र साझा किया है।

उन्होंने परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर भाजपा को समर्थन देने की पार्टी की कथित भूमिका पर आपत्ति जताई। खामकर ने अपने पत्र में कहा कि शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा को मानने वाले कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी का यह फैसला उन्हें बिल्कुल स्वीकार नहीं है।

'विचारधारा महत्वपूर्ण है, पार्टी नहीं'

पार्टी कार्यकर्ता लक्ष्मण पाटिल की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में है। उन्होंने लिखा कि अब तक उन्होंने शरद पवार के सभी फैसलों का समर्थन किया, भले ही उनमें से कुछ फैसले उन्हें व्यक्तिगत रूप से पसंद नहीं आए हों। लेकिन मौजूदा फैसला उनके जैसे पुरोगामी विचारधारा वाले कार्यकर्ताओं के लिए स्वीकार करना संभव नहीं है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में स्पष्ट कहा कि आखिरकार विचारधारा महत्वपूर्ण है, पार्टी नहीं।

शरद पवार गुट की आधिकारिक घोषणा का इंतजार

दरअसल, लोकसभा में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने और उसे पारित कराने के लिए भाजपा की ओर से समर्थन जुटाने की चर्चा है। इसी बीच शरद पवार गुट की ओर से भी विधेयक का समर्थन किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

लेकिन समर्थन की संभावनाओं की खबरों ने ही पार्टी के भीतर असंतोष पैदा कर दिया है। अभयसिंह जगताप और रामेश्वर खामकर के इस्तीफे के बाद यह सवाल उठने लगा है कि परिसीमन विधेयक पर पार्टी का रुख स्पष्ट होने के बाद क्या और नेता व कार्यकर्ता भी नाराजगी जाहिर करेंगे?