मुजफ्फरनगर में कच्ची सड़क स्थित इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने एक अनोखा काम करते हुए अपने घरों में रहकर कोरोना को भगाने का संकल्प लिया है। लॉकडाउन के दूसरे दिन कालोनी वासियों ने अपने दरवाजे पर लाल रिबन बांधते हुए घर के दरवाजे के बाहर लक्ष्मण रेखा खींच दी है। मोहल्ले वासियों ने लक्ष्मण रेखा खींचकर एक अनोखी मिसाल पेश की है। क्योंकि इन लोगों को पता चल चुका है कि कोरोना को भगाना है तो अपने घरों में ही रहना पड़ेगा। अगर कोई बाहर निकलता है तो समझो वह सुरक्षित नहीं है। जो न केवल खुद परेशानी में आ सकता है, बल्कि अपने परिवार को भी परेशानी में डाल सकता है। उसके कारण पूरा शहर और पूरा देश असुरक्षित हो सकता है। इसलिए इंदिरा कॉलोनी के निवासियों ने अपने घरों के बाहर लक्ष्मण रेखा खींच कर मिसाल पेश की है, जिसकी चारों ओर तारीफ हो रही है।