
मुजफ्फरनगर. जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में शुगर मिल में गन्ना डालकर वापस जा रहे दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, बुढ़ाना से खतौली की ओर आ रहे शीरे से भरे एक 18 टायर टैंकर ने खतौली शुगर मिल से वापस सलावा की ओर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ये दर्दनाक घटना थाना खतौली कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना रोड की है। जहां सोमवार देर रात थाना सरधना कोतवाली क्षेत्र के गांव सलावा निवासी दो किसान जनेश्वर व दया त्रिवेणी शुगर मिल खतौली में अपना गन्ना डालकर ट्रैक्टर- ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे एनएच-58 के फ्लाईओवर के नीचे से निकलकर गांव सरधन के मोड़ के पास पहुंचे कि तभी बुढ़ाना की ओर से तेज गति से आ रहे शीरे से भरे एक 18 टायर टैंकर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रैक्टर सवार दया और जनेश्वर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बड़ी खबर: भाजपा की इस विधायक ने ही खोल दी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों की पोल
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक किसानों के परिजनों को मामले की सूचना दी और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि टैंकर का ड्राइवर घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Published on:
17 Apr 2018 12:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
