
मुजफ्फरनगर। जिले के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहेड़ी निवासी भाजपा नेता के आवास पर पुलिस द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। यह भाजपा नेता इससे पहले भी अपने ही सरकार के केंद्रीय मंत्री से बहस को लेकर चर्चाओं में थे। जिसमें संजीव बालियान ने भरी बैठक में ही विपुल त्यागी को चुप करा दिया था। भाजपा नेता विपुल त्यागी पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊंटवाल के खास सिपहसालार है। संजीव बालियान से बहस के बाद से विपुल त्यागी हमेशा चर्चाओं में बने रहते हैं चाहे गांव बहेड़ी के श्मशान घाट की मांग हो या रोहाना में अधूरे पड़े फ्लाईओवर के निर्माण की।
इस वजह से पुलिस ने भाजपा नेता के घर चस्पा किया नोटिस
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपूर ने बताया कि भाजपा नेता विपुल त्यागी को उप जिलाधिकारी सदर कुमार धर्मेंद्र द्वारा शांति भंग के मामले में मुचलका पाबंद किया गया था। जिसका नोटिस उन्हें तामील कराया था। इसे उन्होंने लेने से मना कर दिया था। इसके बाद नोटिस को उनके घर पर चस्पा किया गया है। आईपीएल शुगर मिल रोहाना के प्रबंधक ने हाल ही में एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र सहित जनपद के आला अधिकारियों से विपुल त्यागी की शिकायत करते हुए उन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया था।
मील प्रबंधक को किसानों से संवाद स्थापित करने में रोका था
इसमें आरोप है कि भाजपा नेता विपुल त्यागी द्वारा मील प्रबंधक को किसानों से संवाद स्थापित नहीं करने दिया था। यहां तक कि खेतों की मिट्टी की जांच करने में भी मील प्रबंधक को रोका जा रहा है। जिससे किसानों का नुकसान हो रहा है। शिकायत के बाद अधिकारियों द्वारा जांच कराई गई तो शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद भाजपा नेता को 107 /16 में मुचलका पाबंद करते हुए नोटिस चस्पा की कार्यवाही की गई है।
भाजपा नेता ने किया यह दावा
इस मामले में भाजपा नेता विपुल त्यागी का कहना है कि उसके द्वारा क्षेत्र के विकास की लड़ाई लड़ी जा रही है। रोहाना शुगर मिल श्मशान घाट की जमीन को कब्जा कर उस पर शराब फैक्ट्री का निर्माण कराना चाहती है। जिसका मेरे द्वारा विरोध किया गया। जिससे अधिकारियोंं से परेशान कर रहे हैं और मुचलका पाबंद करने की बात जो है। उस पर भी में लगातार तारीख पर जा रहा हूं । मगर प्रशासन द्वारा मुझे जबरन परेशान किया जा रहा है।
Published on:
05 Sept 2019 11:10 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
