दरअसल, मामला मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर क्षेत्र का है। जहां गांव नरा में मोबाइल की दुकान चलाने वाले सुनील शर्मा का हंसता खेलता परिवार मामूली गृह क्लेश में बर्बाद हो गया है। सुनील के अनुसार, उसकी जेब से कुछ पैसे कम हुए थे। इसी बात को लेकर उसने अपनी पत्नी मीनू शर्मा से पूछ लिया कि पैसे कहां गए। देखते ही देखते इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर बहसबाजी हुई। इस विवाद के बाद सुनील अपनी दुकान चला गया, लेकिन इसके बाद शाम के समय मीनू ने अपनी 7 साल की बेटी खुशी के साथ खुद भी जहर खा लिया। इससे दोनों की हालत खराब हो गई। आनन-फानन में दोनों को जिला चिकित्सालय में लाया गया। जहां इलाज के दौरान मीनू की मौत हो गई, जबकि खुशी की हालत को गंभीर बताते हुए चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। जहां मेरठ मेडिकल कॉलेज में 7 वर्षीय मासूम खुशी का इलाज चल रहा है।