मुजफ्फरनगर. 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने राजनीतिक समीकरणों के लिए जोड़-तोड़ शुरू कर दी है, जिसके चलते पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा, सपा, बसपा और रालोद के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी अपनी नजरें गाड़ दी हैं। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन को लेकर अभी अटकलें ही चल रही हैं कि आम आदमी पार्टी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर दूसरे राजनीतिक दलों को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा को हराने के लिए गठबंधन को जरूरी बताया है। यशवंत सिन्हा ने कहा कि लोग कहते हैं कि नरेंद्र मोदी की ताकत के सामने कोई टिक नहीं पाएगा। इसलिए सभी दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि हमारा मुद्दा मोदी नहीं है, बल्कि हम मुद्दों पर ही चुनाव लड़ेंगे।