नागौर. नाकाबंदी के दौरान मंगलवार रात पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल हुए श्रीबालाजी थानधिकारी पूर्णमल मीणा की मौत के बाद बुधवार सुबह जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों की उपस्थिति में मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद मीणा का शव पुलिस लाइन लाया गया, जहां नागौर विधायक हबीबुर्रहमान, कलक्टर कुमार पाल गौतम, एसपी परिस देशमुख, एएसपी राजकुमार चौधरी के साथ अन्य पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं शहरवासियों ने मीणा की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद थानाधिकारी मीणा का शव उनके पैतृक गांव सीकर जिले के श्रीमाधोपुर क्षेत्र के मुंडरू के लिए रवाना कर दिया।
गौरतलब है कि मंगलवार रात को गंठिलासर के पास नाकाबंदी करते समय श्रीबालाजी थानाधिकारी मीणा को तेज गति से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। उन्हें घायल अवस्था में जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब आठ बजे गंठिलासर के पास हुआ। यहां थानेदार पूर्णमल मीणा मय जाब्ते ड्यूटी कर रहे थे। तभी वहां से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप को रोकने की कोशिश की पर पिकअप चालक तेज गति से थानेदार पूर्णमल मीणा को टक्कर मारकर भाग गया। मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात देखते हुए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथी पुलिसकर्मी व अन्य लोग मीणा को जेएलएन अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।