आपको बता दें कि प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में 4 विधानसभा सीटें आती हैं। जिसमें एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है तो अन्य सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं। इन्हीं चारों सीटों में से एक है होशंगाबाद विधानसभा सीट। वैसे तो होशंगाबाद विधानसभा सीट भाजपा का सुरक्षित गढ़ मानी जाती है। इस सीट को प्रदेश की चंद हाई प्रोफाइल सीटों में से एक माना जाता है। लेकिन, भाजपा की पांचवीं सूची जारी होने के बाद इस विधानसभा सीट की चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि, कांग्रेस ने इस सीट से गिरजा शंकर शर्मा को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने सीताशरण शर्मा को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। खास बात ये है कि, भाजपा कांग्रेस के ये दोनों प्रत्याशी सगे भाई हैं। यानी दोनों पार्टियों ने एक ही घर में अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।