
Sikkim Flood
Sikkim Flood: इन दिनों सिक्किम में कुदरत के कहर के चलते हालात गंभीर बने हुए। बीते दिनों भारी बारिश के बाद सिक्किम में तबाही का सैलाब आया है। उत्तरी सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में आई बाढ़ में मृतकों की संख्या लगातार बढ़कर अब 56 हो गई है। इसमें 11 सैन्यकर्मी भी शामिल हैं। हालांकि भारतीय सेना की ओर से किसी भी जवान की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सेना का तलाशी अभियान जारी है। अब तक 26 शव सिक्किम में और 25 शव पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के विभिन्न इलाकों में मिले है। इसके अलावा अभी तक 142 लोग लापता बनाए जा रहे है, जिनकी तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और लोगों से बात की।
तीस्ता सहित कई नदियां उफान पर
उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर बादल फटने से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई। सिक्किम में रात करीब 1.30 बजे शुरू हुई बाढ़ चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण और बदतर हो गई। तीस्ता बेसिन में स्थित डिक्चू, सिंगताम और रंगपो समेत कई कस्बों में भी नदी में आए उफान से बाढ़ आ गई है। सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में 3,000 से अधिक पर्यटकों के फंसे होने की खबर है, जबकि सेना के जवान सहित लगभग 166 लोगों को अब तक बचाया गया है।
पर्यटक परमिट जारी करना बंद करने के निर्देश
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अधिकारियों से शुक्रवार से त्सोमगो झील, बाबा मंदिर और नाथुला जैसे लोकप्रिय स्थलों पर पर्यटकों को परमिट जारी करना बंद करने को कहा है। मुख्यमंत्री तमांग ने बताया कि बरदांग क्षेत्र से लापता हुए 23 सैन्यकर्मियों में से सात के शव नदी के विभिन्न इलाकों से बरामद किए गए हैं। जबकि एक सैन्यकर्मी को पहले ही जीवित बचा लिया गया था। शेष 15 जवानों के लिए तलाश अभिया जारी है।
यह भी पढ़ें- 2,000 के नोट जमा कराने का आज आखिरी दिन, नहीं बदल पाए तो क्या होगा, जानिए RBI का निर्देश
बाढ़ से 11 पुल नष्ट हो गए
बाढ़ ने राज्य में 11 पुलों को नष्ट कर दिया, जिनमें से अकेले मंगन जिले में आठ पुल बह गए। नामची में दो और गंगटोक में एक पुल नष्ट हो गया। चार प्रभावित जिलों में पानी की पाइपलाइन, सीवेज लाइनें और घरों को भी काफी नुकसान हुआ है।
बाढ़ से 2,376 घर क्षतिग्रस्त
एसएसडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ से चार जिलों के 27 इलाके प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 2,376 घरों को नुकसान पहंचा है। इन जिलों में 25,065 लोग प्रभावित हुए हैं। अभी तक 26 लोग घायल हुए हैं। अब तक 2413 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मौजूदा समय पूरे प्रदेश में 22 राहत कैंपों में 6,875 लोग रह रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कच्चे तेल में आई भारी गिरावट, सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल
Published on:
7 Oct 2023, 9:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.