
बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर चिराग पासवान ने सरकार पर साधा निशाना (Photo-IANS)
Bihar Politics: बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर एनडीए सरकार में सब कुछ सही नहीं चल रहा है। दरअसल, प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार महिलाओं के साथ ज्यादती के मामले थम नहीं रहे है। बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर एनडीए सरकार में सहयोगी दलों के नेताओं के बयान भी अलग-अलग आ रहे है। अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सम्राट सरकार पर सवाल खड़े कर दिए है। वहीं जेडीयू नेताओं का कहना है कि अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है।
बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था के सवाल पर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि मुझे शर्म आती है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां पर अपराध पूरी तरीके से बेलगाम हो चुका है। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए।
चिराग पासवान ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से निकम्मा हो गया है। बिहार और यहां के लोगों की सुरक्षा करना उनके बस की नहीं है। इस दौरान उन्होंने साथ ही अपराधियों पर कार्रवाई करने की भी मांग की है।
जहां एक तरफ सरकार में शामिल लोजपा (रामविलास) का कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। वहीं दूसरी तरफ जेडीयू का मानना है कि कानून व्यवस्था एकदम ठीक है। बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और जदयू नेता निशांत कुमार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। जब भी कोई घटना होती है, उस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था एकदम ठीक है।
वहीं चिराग पासवान के बयान पर जेडीयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों के मुकाबले बिहार में कानून व्यवस्था बेहतर है। अगर प्रदेश में कोई घटना हो रही है, तो उन पर कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार के मॉडल को ही सम्राट चौधरी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने भी लागू किया है।
चिराग पासवान के बयान पर विपक्ष की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजद प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि चिराग पासवान सपरिवार सत्ता का मजा भी लेंगे और शिकायत भी करेंगे, ऐसा कैसे चलेगा?
Updated on:
28 Sept 2026 11:56 am
Published on:
28 Sept 2026 11:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
