दिल्ली नगर निगम (MCD Election) के मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव आज शुक्रवार 6 जनवरी को सिविक सेंटर में सुबह 11 बजे से मतदान होंगे। इस चुनाव प्रक्रिया में जहां भाजपा व आम आदमी पार्टी हिस्सा ले रहीं हैं वहीं कांग्रेस पार्टी ने वोटिंग में शामिल न होने का निर्णय लिया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि, कांग्रेस के निगम पार्षद कल सिविक सेंटर में होने वाले दिल्ली नगर निगम के लिए मेयर और डिप्टी मेयर सहित स्थायी समिति के होने वाले चुनावों का हिस्सा नही बनेंगे। उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को भाजपा और आम आदमी पार्टी के खिलाफ समर्थन दिया है, जिसका सम्मान करते हुए हम मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के चुनाव से दूरी बनाएंगे। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को बहुमत दिया तो केजरीवाल अपना मेयर बनाए और दिल्ली की जनता की सेवा करें।